अमरीकी सोयाबीन के उत्पादन एवं निर्यात में वृद्धि होने का अनुमान
15-Sep-2026 04:12 PM
शिकागो। अमरीका में इस वर्ष सोयाबीन क्षेत्र का परिदृश्य बेहतर, मजबूत और सकारात्मक प्रतीत हो रहा है। 2026-27 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान अमरीकी सोयाबीन के उत्पादन एवं निर्यात में बढ़ोत्तरी होने तथा बकाया अधिशेष स्टॉक में कमी आने का अनुमान है।
चालू सीजन के दौरान अमरीका में सोयाबीन का उत्पादन 160 लाख बुशेल की बढ़ोत्तरी के साथ 4.50 अरब बुशेल पर पहुंचने की उम्मीद है क्योंकि इस बार इसकी औसत उपज दर सुधरकर 52.8 बुशेल प्रति एकड़ पर पहुंचने के आसार हैं। फसल कटाई का दायरा भी इस बार बढ़ेगा। अमरीका में सोयाबीन की नई फसल की कटाई-तैयारी लगभग आरंभ हो गई है।
अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2026-27 सीजन के लिए सोयाबीन के निर्यात का अनुमान 250 लाख बुशेल बढ़ाकर अब 1.69 अरब बुशेल नियत किया है जबकि अंतिम बकाया स्टॉक का अनुमान 100 लाख बुशेल घटाकर 31 करोड़ बुशेल निर्धारित किया है। सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में सोयाबीन का औसत मूल्य 12 डॉलर प्रति बुशेल रहने की संभावना व्यक्त की गई है। इसी तरह सोयामील का औसत मूल्य 340 डॉलर प्रति शॉर्ट टन रहने का अनुमान लगाया गया है।
इस महत्वपूर्ण तिलहन का वैश्विक उत्पादन 44.23 करोड़ टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। जबकि इसका बकाया स्टॉक घटकर 12.40 करोड़ टन रह सकता है। ब्राजील के बाद अमरीका दुनिया में सोयाबीन का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। उसे इस बार चीन में अपने स्टॉक का निर्यात बढ़ने का भरोसा है।
