अगस्त में खाद्य तेलों के आयात में एक लाख टन से अधिक की गिरावट

15-Sep-2026 04:37 PM

मुम्बई। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र एक अग्रणी संगठन- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि अगस्त 2026 के दौरान देश में 15.72 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ जो जुलाई के आयात 15.50 लाख टन से 22 हजार टन ज्यादा मगर अगस्त 2025 के आयात 16.79 लाख टन से 1.07 लाख टन कम है। 

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती 10 महीनों में यानी नवम्बर 2025 से अगस्त 2026 के दौरान देश में खाद्य तेलों का कुल आयात बढ़कर 136.20 लाख टन पर पहुंच गया जो 2024-25 सीजन की समान अवधि के आयात 130.25 लाख टन से करीब 6 लाख टन अधिक रहा। 

दिलचस्प तथ्य यह है कि मौजूदा मार्केटिंग सीजन में खाद्य तेलों का सर्वाधिक आयात अगस्त में ही हुआ। इससे पूर्व जुलाई में भी इसका भारी आयात हुआ था। त्यौहारी सीजन के दौरान खाद्य तेलों की मांग एवं खपत में होने वाली वृद्धि को देखते हुए रिफाइनर्स द्वारा विदेशों से इसका आयात बढ़ाया जा रहा है। 

'सी' की रिपोर्ट के अनुसार 1 सितम्बर 2026 को बंदरगाहों पर 11.03 लाख टन तथा पाइप लाइन में 9.40 लाख टन के साथ कुल 20.43 लाख टन खाद्य तेलों का स्टॉक मौजूद था जो 1 अगस्त को उपलब्ध स्टॉक 20.12 लाख टन तथा 1 सितम्बर 2025 को मौजूदा स्टॉक 18.65 लाख टन से ज्यादा रहा। सितम्बर 2026 के आरंभ में भारतीय बंदरगाहों पर 4.02 लाख टन क्रूड पाम तेल एवं क्रूड पाम कर्नेल तेल, 18 हजार टन आरबीडी पामोलीन, 3.90 लाख टन क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल तथा 2.93 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल का स्टॉक मौजूद था। खाद्य तेलों का आयात नियमित रूप से जारी है। 

2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के आरंभिक 10 महीनों के दौरान भारत में रिफाइंड खाद्य तेल का आयात 16.36 लाख टन से घटकर 6.59 लाख टन पर अटक गया जबकि क्रूड खाद्य तेलों का आयात 113.88 लाख टन से उछलकर 129.61 लाख टन पर पहुंच गया।