अर्जेन्टीना बना भारत को खाद्य तेलों की सर्वाधिक आपूर्ति करने वाला देश

15-Sep-2026 05:57 PM

मुम्बई। लैटिन अमरीका में अवस्थित अर्जेन्टीना अब भारत को खाद्य तेलों का सबसे बड़ा निर्यातक देश बन गया है जबकि इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर मलेशिया दूसरे नम्बर पर आ गया है। भारत से खाद्य तेलों का निर्यात करने के मामले में रूस चौथे एवं ब्राजील पांचवें नम्बर पर बरकरार है। 

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि नवम्बर 2025 से अगस्त 2026 के 10 महीनों में भारत में करीब 136.20 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया जिसमें 94 हजार टन आर बी डी पामोलीन, 64.22 लाख टन क्रूड पाम तेल, 18 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल, 40.30 लाख टन क्रूड सोयाबीन तेल, 5.32 लाख टन रिफाइंड सोयाबीन तेल, 24.81 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल, 34 हजार टन रिफाइंड सूरजमुखी तेल तथा 9 हजार टन से कुछ अधिक क्रूड रेपसीड तेल एवं अन्य तेलों का आयात शामिल रहा। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरान भारत में अर्जेन्टीना से 30.59 लाख टन, मलेशिया से 26.21 लाख टन, इंडोनेशिया से 25.68 लाख टन, रूस से 12.68 लाख टन तथा ब्राजील से 10.89 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया। ये पांच देश ऐसे हैं जहां से 10 लाख टन से अधिक खाद्य तेलों का आयात किया गया। इसके अलावा नवम्बर 2025- अगस्त - 2026 के दस महीनों के दौरान थाईलैंड से 7.35 लाख टन, नेपाल से 5.99 लाख टन, यूक्रेन से 3.60 लाख टन, चीन से 3.04 लाख टन, संयुक्त अरब अमीरात से 5 हजार टन और दुनिया के अन्य देशों से 10.53 लाख टन खाद्य तेलों का आयात हुआ। 

इंडोनेशिया मलेशिया एवं थाईलैंड से मुख्यतः पाम तेल का आयात हुआ जबकि अर्जेन्टीना, ब्राजील एवं चीन से क्रूड सोयाबीन तेल तथा रूस, यूक्रेन तथा अर्जेन्टीना से क्रूड सूरजमुखी तेल मंगाया गया। नेपाल से बड़े पैमाने पर रिफाइंड खाद्य तेलों का आयात हुआ। यूएई से रेपसीड तेल आया।