बिहार के 15 जिलों में भयंकर बाढ़ से खरीफ फसलों को नुकसान
15-Sep-2026 05:19 PM
पटना। चालू माह के दौरान सामान्य औसत से अधिक वर्षा होने तथा कई नदियों का जल स्तर बढ़ने से बिहार के 15 जिलों में भयंकर बाढ़ का प्रकोप देखा जा रहा है। इससे न केवल करीब 49 लाख लोग प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए हैं बल्कि लाखों हेक्टेयर में खड़ी खरीफ फसलें भी जल मग्न हो गई हैं। स्थानीय मौसम कार्यालय के अनुसार सितम्बर 2026 में अभी तक बिहार में 111.7 मि०मी० बारिश हो चुकी है जो सामान्य स्तर से करीब 13 प्रतिशत ज्यादा है।
नेपाल के उद्गम वाले इलाकों में जबरदस्त बारिश होने से बिहार की नदियां उफान पर हैं। नदियों का पानी अपनी सीमा से आगे बढ़कर आसपास के क्षेत्रों में फैल गया है। जिन जिलों में भयंकर बाढ़ का प्रकोप देखा जा रहा है उसमें पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, बक्सर, भागलपुर, बेगूसराय, मुंगेर, समस्तीपुर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा एवं अररिया शामिल है। पहले सहरसा एवं सुपौल में भी भयंकर बाढ़ आती थी लेकिन इस बार वहां इसकी विभीषिका कम देखी जा रही है।
गंगा, कोशी, गंडक एवं बागमती सहित कई अन्य नदियों में जगह-जगह पानी का स्तर खतरे के निशाल से काफी ऊपर पहुंच गया है। हालांकि खरीफ सीजन के दौरान बिहार में दलहन-तिलहन फसलों की खेती अपेक्षाकृत कम क्षेत्रफल में होती है मगर धान, गन्ना एवं मक्का का रकबा बड़ा रहता है।
