मटर बाजार में स्थिरता, सीमित उपलब्धता और आगामी मांग से तेजी की उम्मीद

15-Sep-2026 06:42 PM

बिक्री सुस्त रहने से मटर में लिवाली कमजोर बनी हुई है, जिसके चलते आज कीमतों में स्थिरता का रुख रहा। हालांकि, सीमित उपलब्धता और आगामी त्योहारी मांग को देखते हुए बाजार में आगे तेजी की संभावनाएं मजबूत नजर आ रही हैं। रूस से मार्च से पहले बड़ी मात्रा में मटर की सप्लाई आने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है।

इससे आने वाले महीनों में आयातित मटर की उपलब्धता पर दबाव बढ़ सकता है। दूसरी ओर, पोर्ट पर उपलब्धता लगातार घट रही है और कोलकाता पोर्ट पर कनाडाई मटर की उपलब्धता लगभग नगण्य बनी हुई है। बाजार के लिए एक और सकारात्मक पहलू यह है कि पुरानी देसी मटर का स्टॉक लगभग समाप्त हो चुका है।

वहीं, अक्टूबर से देसी मटर की नई फसल की बिजाई शुरू होने के साथ बीज की मांग में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। इससे बाजार में उपलब्ध मटर पर अतिरिक्त मांग का दबाव बन सकता है।

आगामी त्योहारी सीजन और दिवाली की खरीदारी शुरू होने पर मटर की घरेलू मांग में सुधार की संभावना है। फिलहाल बिक्री कमजोर होने से तेजी सीमित है, लेकिन जैसे-जैसे त्योहारी मांग बढ़ेगी और आयातित माल की उपलब्धता घटेगी, बाजार में लिवाली मजबूत हो सकती है। और कीमतों को समर्थन मिल सकता है।