सितम्बर के दूसरे हाफ के लिए 13.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी

15-Sep-2026 07:20 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए चालू माह के दूसरे पखवाड़े (16-30 सितम्बर) के लिए 13.50 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा जारी किया है जबकि प्रथम पखवाड़े (1-15 सितम्बर) के लिए 13 लाख टन का कोटा घोषित किया गया था। इस तरह पूरे सितम्बर माह के लिए कुल 26.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किया गया है ताकि इसकी कीमतों पर दबाव बढ़ सके। 

पहले चीनी की घरेलू बिक्री का मासिक कोटा निर्धारित होता था लेकिन अब खाद्य मंत्रालय ने प्रत्येक पखवाड़े के लिए कोटा आवंटित करने का निर्णय लिया है। ध्यान देने की बात है कि अगस्त 2026 की पूरी अवधि के लिए कुल 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत किया गया था जबकि सितम्बर की पूरी अवधि का कोटा उससे 4 लाख टन ज्यादा है। अगस्त 2025 में भी 22.50 लाख टन का ही कोटा घोषित हुआ था जबकि जुलाई 2026 की सम्पूर्ण अवधि के लिए घोषित 26.50 लाख टन चीनी का कोटा इस माह के लिए अब तक का सबसे बड़ा कोटा माना जा रहा है। 

सरकार को उम्मीद है कि इस विशाल कोटे की बदौलत बाजार में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित  करने और कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी। राष्ट्रीय स्तर पर चीनी का औसत खुदरा मूल्य अब भी 60 रुपए प्रति किलो के आसपास चल रहा है जबकि एक्स फैक्टरी मूल्य में भारी कमी आ चुकी है।