नेपाल से रिफाइंड खाद्य तेलों का विशाल आयात होने से रिफाइनर्स चिंतित
15-Sep-2026 07:17 PM
नई दिल्ली। भारत के उत्तरी पड़ोसी देश- नेपाल से सीमा सड़क मार्ग से जटिल शुल्क मुक्त खाद्य तेलों का विशाल आयात होने से भारतीय रिफाइनर्स की चिंता काफी बढ़ गई है। सस्ते दाम पर नेपाल से आयातित रिफाइंड खाद्य तेल की प्रतिस्पर्धा में स्वदेशी तेल का टिकना मुश्किल हो रहा है जबकि आयात की मात्रा लगातार बढ़ती जा रही है।
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान मार्केटिंग सीजन के आरंभिक 10 महीनों में यानी नवम्बर 2025 से अगस्त 2026 के दौरान नेपाल से भारत में 5,98,594 टन खाद्य तेलों का आयात हुआ। इसमें 28,728 टन आरबीडी पामोलीन 5,31,557 टन रिफाइंड सोयाबीन तेल, 33,881 टन रिफाइंड सूरजमुखी तेल तथा 4428 टन रेपसीड या अन्य तेल का आयात शामिल रहा।
ध्यान देने की बात है कि नेपाल में तिलहन-तेल का उत्पादन बहुत कम होता है और वह विदेशों से क्रूड श्रेणी का खाद्य तेल मंगाकर उसकी रिफाइनिंग करता है। बाद में इस रिफाइंड तेल को भारतीय बाजार में भेज देता है। यह रिफाइंड खाद्य तेल खासकर उत्तरी भारत में बड़े पैमाने पर बिकता है जिससे स्वदेशी उद्योग को नुकसान होता है।
