साप्ताहिक समीक्षा-मसूर
18-Jul-2026 09:32 PM
बेहतर मांग और सीमित बिकवाली से मसूर बाजार में सुधार
मुम्बई। घरेलू मसूर बाजार में चालू सप्ताह के दौरान कीमतों में सुधार का रुख देखने को मिला। घटे हुए भावों पर किसानों और स्टॉकिस्टों की बिकवाली कमजोर पड़ने के साथ ही दाल मिलों की खरीदारी बढ़ने से बाजार को मजबूत समर्थन मिला। उत्पादक क्षेत्रों से मसूर की आवक भी सीमित बनी हुई है, जिससे निचले स्तरों पर बिकवाली का दबाव अपेक्षाकृत कम रहा। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार, आगामी महीनों में दालों की खपत बढ़ने के साथ मसूर की मांग में और सुधार आने की संभावना है। मौजूदा मूल्य स्तरों पर मिलर्स की सक्रिय लिवाली और सीमित उपलब्धता बाजार को मजबूती प्रदान कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दाल मिलों की मांग अपेक्षा के अनुरूप बढ़ती है और उत्पादक मंडियों में आवक सीमित बनी रहती है, तो निकट अवधि में मसूर की कीमतों में और मजबूती देखने को मिल सकती है। फिलहाल उपलब्धता नियंत्रित रहने के कारण मसूर बाजार में बड़ी गिरावट की संभावना कम नजर आ रही है। आयातकों की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बढ़ने से इस सप्ताह आयातित मसूर की कीमतों में 150/200 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। सप्ताहांत में मुंद्रा कनाडा मसूर 5700/5800 रुपए, हजीरा 5800 रुपये, कंटेनर कनाडा 6000 रुपये तथा ऑस्ट्रेलिया मसूर 6000/6050 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
कनाडा
कनाडा में कम बुवाई और प्रतिकूल मौसम के कारण मसूर उत्पादन घटने की आशंका है, लेकिन पिछले वर्ष के बड़े स्टॉक और अगले महीने आने वाली नई फसल के चलते बाजार में घबराहट नहीं है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड उत्पादन के अनुमान से वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है। भारत में फिलहाल मसूर का आयात धीमा है, हालांकि तुवर की कम बुवाई के कारण आगे चलकर आयात बढ़ सकता है। कारोबारियों का मानना है कि यदि कनाडा में मसूर की गुणवत्ता प्रभावित होती है, तो अच्छी गुणवत्ता वाले माल के दाम मजबूत रह सकते हैं।
दिल्ली
दाल मिलर्स की लिवाली बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान दिल्ली मसूर की कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त देखी गयी और सप्ताहांत में भाव छोटी कोटा 7500 रुपए ,बूंदी 8350 रुपए उत्तरप्रदेश 8800 रुपए व देसी बड़ी 6900 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
मध्य प्रदेश
लिवाली बढ़ने से इस सप्ताह मध्य प्रदेश मसूर की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी देखी गयी और भाव सप्ताहांत में भाव अशोकनगर 5800/6350 रुपए बीना 6100/6500 रुपए गंजबासोदा 6000/6400 रुपए सागर 6000/6400 रुपए दमोह 6100/6550 रुपए इंदौर 6200 रुपए करेली 5700/6565 रुपए व कटनी 6700 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।
उत्तर प्रदेश
मांग बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान उत्तर प्रदेश की छोटी मसूर की कीमतों में 200 रुपए व बड़ी मसूर में 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और भाव सप्ताहांत में भाव बरेली छोटी 10400 रुपए मोटी 6900 रुपए ललितपुर मोटी 6300/6400 रुपए छोटी 9500/9600 रुपए व उरई 6000/6300 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी ।
अन्य
चौतरफा तेजी के समर्थन व मांग में सुधार होने से बिहार मसूर की कीमतों में इस साप्ताह 200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और इस तेजी के साथ भाव सप्ताहांत में बाढ़ 7100 रुपए खुशरूपुर 6900 रुपए व मोकामा 7100 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार रायपुर मसूर की कीमतों में इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त देखी गयी और सप्ताहंत में भाव 6400 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।
मसूर दाल
मसूर की तेजी के समर्थन से चालू साप्ताह के दौरान मसूर दाल की कीमतों में 150/300 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त देखी गयी और सप्ताहांत में भाव इंदौर 7500/7600 रुपए बाढ़ 7900/8100 रुपए, खुशरुपुर 7800/8000 रुपए, मोकामा 7900/8100 रुपए चंदौसी 9000 रुपए व हैदराबाद 7700 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
