साप्ताहिक समीक्षा - उड़द

18-Jul-2026 09:25 PM

सीमित बिकवाली और कमजोर बुवाई से उड़द बाजार में जोरदार तेजी

चेन्नई। घरेलू उड़द बाजार में चालू सप्ताह के दौरान सीमित बिकवाली और बेहतर लिवाली के चलते कीमतों में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई। दाल मिलों और स्टॉकिस्टों की सक्रिय खरीदारी से बाजार में मजबूती का माहौल बना रहा, जबकि कमजोर मानसून के कारण फसल को लेकर बढ़ी चिंताओं ने भी भावों को मजबूत समर्थन दिया। प्रमुख उड़द उत्पादक राज्यों में मानसून की धीमी प्रगति के चलते खरीफ सीजन की बुवाई अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक देश में केवल 9.34 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में उड़द की बुवाई हुई है, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह आंकड़ा 13.29 लाख हेक्टेयर था। इस प्रकार चालू सीजन में उड़द का रकबा 3.95 लाख हेक्टेयर कम है, जिससे आगामी उत्पादन को लेकर बाजार में चिंता बनी हुई है। जुलाई के उत्तरार्ध से अगस्त के दौरान दालों की खपत बढ़ने के साथ उड़द की मांग में और सुधार आने की संभावना है। दूसरी ओर, आयात लागत ऊंची बनी रहने और आयातकों की कमजोर बिकवाली से भी बाजार को मजबूत समर्थन मिल रहा है। इसी का असर प्रमुख व्यापारिक केंद्र चेन्नई में भी देखने को मिला, जहां इस सप्ताह उड़द के भावों में ₹400–450 प्रति क्विंटल की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। तेजी के बाद एफएक्यू (FAQ) उड़द ₹9,300 प्रति क्विंटल तथा एसक्यू (SQ) उड़द ₹10,050 प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। आई ग्रेन इंडिया का मानना है कि यदि मानसून में जल्द उल्लेखनीय सुधार नहीं होता और बुवाई का अंतर बना रहता है, तो सीमित घरेलू उपलब्धता, मजबूत मांग और ऊंची आयात लागत के समर्थन से आने वाले समय में उड़द की कीमतों में मजबूती का रुख जारी रह सकता है।
बर्मा
निर्यातकों की बिकवाली कमजोर पड़ने व निर्यात मांग बेहतर होने से चालू साप्ताह के दौरान बर्मा उड़द एफएक्यू में 30 डॉलर और एसक्यू में 30 डॉलर प्रति टन की तेजी देखी गयी और इस तेजी के साथ भाव सप्ताहांत में एफएक्यू का भाव 950 डॉलर प्रति टन और एसक्यू 1045 डॉलर प्रति टन हो गयी।
दिल्ली
पोर्ट की तेजी के समर्थन व मांग बढ़ने से इस साप्ताह दिल्ली में उड़द की कीमतें 300/400 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। और इस बढ़ोतरी के साथ भाव सप्ताहंत में एफएक्यू 9500 रुपए और एसक्यू 10200 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। 
मध्य प्रदेश
बिकवाली कमजोर पड़ने व मांग बढ़ने से चालू सप्ताह के दौरान मध्य प्रदेश उड़द की कीमतों में 400/500 रुपए प्रति क्विंटल का उछाल देखा गया  और इस उछाल के साथ भाव सप्ताहांत में  जबलपुर में 5000/9700 रुपए,करेली 5000/10000 रुपए दमोह 8800/9600 रुपए और इंदौर में 7500/10500 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी। 
महाराष्ट्र
मांग बेहतर बनी रहने से इस साप्ताह महाराष्ट्र उड़द की कीमतों में 500/600 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गयी और सप्ताहंत में भाव अकोला में 9600 रुपए, लातूर में 5000/8600 रुपए, जलगांव 7700/9400 रुपए बार्शी 6000/9300 रुपए व अहमदनगर 4500/8500 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
अन्य 
चौतरफा तेजी के समर्थन व लिवाली बनी रहने से कृष्णा डिस्ट्रिक्ट और विजयवाड़ा में उड़द की कीमतों में इस साप्ताह 750/1000 रुपए प्रति क्विंटल का उछाल दर्ज किया गया और इस उछाल  के साथ भाव सप्ताहंत में भाव कृष्णा डिस्ट्रिक्ट में 10450 रुपए व विजयवाड़ा में 10500/10600 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार  राजस्थान उड़द की कीमतों में भी इस साप्ताह 700/800 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी देखी गयी और भाव सप्ताहंत में जयपुर 8200/9200 रुपए व कोटा 7500/8800 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। 
उड़द दाल
उड़द की तेजी के समर्थन व मांग बढ़ने से उड़द दाल की कीमतों में इस साप्ताह 500/700 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और भाव सप्ताहंत में दिल्ली 11250/12950 रुपए, भाटापारा 10200/12000 रुपए, जलगांव में 12500/12600 रुपए, मेरठ 10100/11100 रुपए और विजयवाड़ा  11300/13000 रुपए प्रति क्विंटल हो  गयी।