साप्ताहिक समीक्षा-मटर

18-Jul-2026 09:38 PM

मांग में सुधार होने से मटर की कीमतों में सुधार 

कानपुर। घटे हुए भावों पर बिकवाली कमजोर पड़ने और मांग में बढ़ोतरी के चलते चालू सप्ताह के दौरान घरेलू मटर बाजार में सुधार का रुख देखने को मिला। उत्पादक मंडियों में मटर की आवक सीमित बनी हुई है, जिससे बाजार को आपूर्ति पक्ष से मजबूत समर्थन मिल रहा है। चना की कीमतों में जारी तेजी के बीच दाल मिलों ने मटर की खरीद बढ़ा दी है, जिससे बाजार में लिवाली मजबूत हुई और कीमतों में सुधार दर्ज किया गया। व्यापारियों का मानना है कि यदि आवक सीमित रहती है और दाल मिलों की मांग बनी रहती है, तो निकट अवधि में मटर की कीमतों में मजबूती का रुख जारी रह सकता है।आयतको की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बेहतर होने से चालू साप्ताह के दौरन आयातित मटर की कीमतों में 100/125 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और सप्ताहांत में भाव मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4025 रुपये तथा रूस मटर 3925 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। वहीं हजीरा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4025/4050 रुपये और रूस मटर 3950 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
घरेलू मंडियों में भी इस साप्ताह मांग में सुधार दर्ज किया गे। लिवाली बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान कानपूर मटर के भाव 50 रुपए प्रति क्विंटल सुधरकर 4250 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार ललितपुर मटर में भी 100 रुपये की तेजी के साथ भाव 3950/4700 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बढ़ने से उरई व महोबा मंडी में भाव 100 -100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी के साथ उरई 3800/4000 रुपए व महोबा 4000/4600 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार राठ मटर में भी 100 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त देखी गयी और इस बढ़त के साथ भाव 4000/4500 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। चौतरफा तेजी के समर्थन व मांग में सुधार होने से मध्य प्रदेश की मंडियों में भी मटर के भाव 100 रुपए प्रति क्विंटल सुधरकर बीना 3900/4300 रुपए व दमोह 3800/4300 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। 
कनाडा 
पश्चिमी कनाडा में मटर का कारोबार सुस्त रहने से कीमतों में स्थिरता बनी हुई है। हालांकि कम बुवाई और मौसम संबंधी चुनौतियों से उत्पादन घटने की आशंका है, लेकिन पिछले सीजन के बड़े स्टॉक और अगले महीने आने वाली नई फसल के कारण बाजार पर दबाव बना हुआ है। वहीं, रूस में अच्छी पैदावार और ऑस्ट्रेलिया से पर्याप्त आपूर्ति की उम्मीद है, जबकि यूरोप में गर्मी व सूखे के कारण फसल प्रभावित होने से वहां आयात बढ़ सकता है। व्यापारियों का मानना है कि निकट अवधि में वैश्विक आपूर्ति और मांग के संतुलन पर मटर बाजार की दिशा निर्भर करेगी।
मटर दाल  
लिवाली बढ़ने से से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4600/4700 रुपए व इंदौर 4700/4800 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।