अगस्त में चावल का निर्यात बढ़ा- बागानी उत्पादों में मिश्रित रुख
16-Sep-2026 07:26 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि जुलाई में चावल का निर्यात प्रदर्शन कुछ कमजोर रहा था मगर अगस्त में यह सुधर गया। अगस्त 2025 के मुकाबले अगस्त 2026 के दौरान भारत से चावल के निर्यात में मात्रा एवं आमदनी की दृष्टि से 4 प्रतिशत का इजाफा हुआ। जबकि बागानी उत्पादों के निर्यात में मिश्रित रुख देखा गया। इसके तहत कॉफी एवं काजू के निर्यात में बढ़ोत्तरी हुई जबकि चाय, तम्बाकू एवं मसालों के निर्यात में गिरावट दर्ज की गई।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अगस्त में चावल का निर्यात 4 प्रतिशत बढ़कर 91.782 करोड़ डॉलर पर पहुंचा। इसी तरह चालू वित्त वर्ष के शुरुआती 5 महीनों में यानी अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान भी इसका निर्यात 2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4.81 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे पूर्व जुलाई 2025 की तुलना में जुलाई 2026 के दौरान चावल का निर्यात 7 प्रतिशत घटकर 86.034 करोड़ डॉलर पर अटक गया था।
जहां तक बागानी उत्पादों का सवाल है तो काजू का निर्यात अगस्त में करीब 4 प्रतिशत बढ़कर 269.70 लाख डॉलर तथा अप्रैल-अगस्त में 2 प्रतिशत सुधरकर 1107.40 लाख डॉलर पर पहुंच गया। कॉफी के निर्यात में भी बढ़ोत्तरी हुई लेकिन मसालों का निर्यात अगस्त में 13 प्रतिशत से ज्यादा घटकर 28.875 करोड़ डॉलर तथा अप्रैल-अगस्त 2026 के पांच महीनों में 7 प्रतिशत से अधिक गिरकर 1.70 अरब डॉलर पर सिमट गया। उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में चावल तथा मसालों का सबसे प्रमुख निर्यातक देश बना हुआ है।
