सितम्बर के सूखे से कश्मीर के केसर पर खतरा

16-Sep-2026 07:28 PM

श्रीनगर। कश्मीर में तापमान सामान्य स्तर से ऊंचा चल रहा है जबकि वर्षा की कमी भी वहां चिंता का कारण बनी हुई है। केसर की फसल में फूल लगने की प्रक्रिया आरंभ होने वाली है और उससे पूर्व इस तरह का मौसम किसानों को विचलित कर रहा है। आमतौर पर अक्टूबर से केसर के पौधे में फूल लगना आरंभ हो जाता है। 

उत्पादकों का कहना है कि केसर की फसल अब महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर रही है जब इसे अनुकूल मौसम की जरूरत है सितम्बर का महीना किसानों की उम्मीदों को संवारने या बिगड़ने का साबित होता है। गर्मी के दिनों में पौधे अक्सर संकुचित हो जाते हैं लेकिन मानसून की वर्षा का सहारा मिलने के बाद इसका तेजी से विकास होता है और अक्टूबर तक आते आते इसमें फूल निकलने लगते हैं। 

फ्लावरिंग के चरण में केसर के खेतों में नमी का पर्याप्त अंश मौजूद रहना आवश्यक है। इसके साथ-साथ तापमान भी सामान्य स्तर पर होना चाहिए। चालू माह के दौरान प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में वर्षा का अभाव एवं ऊंचा तापमान देखा जा रहा है जो फसल के लिए अनुकूल नहीं है। यद्यपि अभी हालात ज्यादा खराब नहीं हुए हैं और अगर अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश हो जाती है तो फसल की हालत बेहतर हो जाएगी और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद भी रहेगी।