चावल का वैश्विक उत्पादन 54.30 करोड़ टन होने का अनुमान
17-Jul-2026 08:23 PM
नई दिल्ली। जून की अपनी रिपोर्ट में अंतर्राष्ट्रीय अनाज परिषद (आईजीसी) ने 2026-27 के मार्केटिंग सीजन में विश्व स्तर पर 54.50 करोड़ टन चावल का उत्पादन होने का अनुमान लगाया था जिसे जुलाई की रिपोर्ट में 20 लाख टन घटाकर 54.30 करोड़ टन निर्धारित कर दिया है। अमरीका तथा कुछ एशियाई देशों में चावल के उत्पादन अनुमान में थोड़ी-बहुत कटौती की गई है।
दूसरी ओर आईजीसी ने चावल के वैश्विक उपयोग का अनुमान 10 लाख टन बढ़ाकर 54.40 करोड़ टन नियत किया है। एशिया तथा अफ्रीका में चावल की मांग एवं खपत बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
2026-27 के मार्केटिंग सीजन के दौरान चावल का वैश्विक कारोबार (आयात-निर्यात) 6.20 करोड़ टन होने की संभावना व्यक्त की गई है जो जून की रिपोर्ट में लगाए गए अनुमान के बराबर ही है। चावल का वैश्विक बकाया स्टॉक 2026-27 सीजन के अंत में 19.50 करोड़ टन रह जाने की संभावना है जो जून के अनुमान 19.90 करोड़ टन से 40 लाख टन कम है।
आईजीसी ने 2025-26 के सीजन में चावल का वैश्विक उत्पादन 54.60 करोड़ टन आंका है। भारत में मानसून पर सबका ध्यान केन्द्रित है क्योंकि इसकी वर्षा पर ही चावल का उत्पादन काफी हद तक निर्भर करेगा।
