खाद्यान्न के वैश्विक उत्पादन अनुमान में 40 लाख टन की कटौती
17-Jul-2026 08:17 PM
लंदन। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने 2026-27 सीजन के लिए पहले 2.426 अरब टन खाद्यान्न के वैश्विक उत्पादन का अनुमान लगाया था जिसे जुलाई की नवीनतम मासिक रिपोर्ट में 40 लाख टन घटाकर 2.422 अरब टन निर्धारित किया है। इसके तहत खासकर मक्का के उत्पादन अनुमान में कटौती की गई है। यूरोप के कुछ देशों में भीषण गर्मी पड़ने तथा सूखे जैसी स्थिति रहने से मक्का की फसल को क्षति होने की आशंका है।
आईजीसी ने खाद्यान्न के वैश्विक उपयोग का अनुमान भी 10 लाख टन घटाकर अब 2.45 अरब टन नियत कर दिया है। कौंसिल की रिपोर्ट में फिलहाल अल नीनो मौसम चक्र के असर से खाद्यान्न के उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभाव का आंकलन शामिल नहीं किया गया है।
इस कटौती के बावजूद खाद्यान्न का यह उत्पादन अनुमान अब तक के दूसरे सबसे ऊंचे स्तर पर रहने की संभावना है। 2025-26 के सीजन में खाद्यान्न का वैश्विक उत्पादन तेजी से उछलकर 2.49 अरब टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया।
उत्पादन की तुलना में उपयोग ज्यादा होने के कारण कौंसिल ने खाद्यान्न के वैश्विक बकाया स्टॉक का अनुमान भी 80 लाख टन घटाकर 61 करोड़ टन निर्धारित कर दिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2025-26 सीजन के अंत में भी स्टॉक कम बचेगा जबकि 2026-27 के सीजन में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति कुछ जटिल रहेगी।
खाद्यान्न के संवर्ग में गेहूं, मोटे अनाज (मक्का) एवं चावल आदि सम्मिलित हैं। फिलहाल चावल के वैश्विक उत्पादन अनुमान में ज्यादा कटौती नहीं की गई है क्योंकि प्रमुख एशियाई देशों में अभी धान की रोपाई जारी है।
उधर अमरीका, यूरोपीय संघ एवं काला सागर क्षेत्र के देशों में शीतकालीन गेहूं तथा ब्राजील में सफरीन्हा मक्का की कटाई हो रही है। इसी तरह अर्जेन्टीना में भी मक्का फसल की कटाई जारी है। कौंसिल ने खाद्यान्न के वैश्विक कारोबार (आयात-निर्यात) का अनुमान 50 लाख टन बढ़ाकर 45 करोड़ टन निश्चित किया है जिसमें आगे बदलाव हो सकता है।
