कृषि मंत्रालय को खरीफ फसलों के रकबे में सुधार आने की उम्मीद
17-Jul-2026 07:09 PM
नई दिल्ली। हालांकि मानसून की सुस्त चाल एवं निष्क्रियता के कारण खरीफ फसलों का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष से काफी पीछे चल रहा है लेकिन केन्द्रीय कृषि मंत्रालय को भरोसा है कि समय के साथ बिजाई की रफ्तार में तेजी आ सकती है और इसके क्षेत्रफल में क्रमिक रूप से सुधार आ सकता है।
दरअसल पिछले साल के मुकाबले इस बार खरीफ फसलों के उत्पादन क्षेत्र में 10 जुलाई तक 100 लाख (1 करोड़) हेक्टेयर से अधिक की जोरदार गिरावट आ गई जिससे कृषि मंत्रालय की चिंता काफी बढ़ गई। चालू सप्ताह की बिजाई का आंकड़ा सामने आने पर स्थिति कुछ और स्पष्ट हो सकेगी।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी कुछ राज्यों में सक्रिय है जबकि अगले सप्ताह कई अन्य प्रांतों में भी भारी बारिश हो सकती है। इससे खरीफ फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने में किसानों को अच्छी सहायता मिल सकती है।
खरीफ फसलों की खेती के लिए करीब डेढ़-दो माह का समय बचा हुआ है इसलिए सरकार अपनी ओर से बिजाई का रकबा बढ़ाने के लिए इस समयावधि का पूरा उपयोग अवश्य करना चाहेगी।
