राजस्थान में खरीफ फसलों का बिजाई क्षेत्र 15 प्रतिशत पीछे
17-Jul-2026 04:58 PM
जयपुर। पश्चिम भारत में अवस्थित राजस्थान देश में मूंग, बाजरा, मोठ, चौला तथा ग्वार का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है जबकि मूंगफली के उत्पादन में गुजरात के बाद दूसरे नंबर पर तथा सोयाबीन की पैदावार में मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र से पीछे तीसरे स्थान पर रहता है।
पिछले साल की तुलना में इस वर्ष 15 जुलाई तक राजस्थान में खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 129.41 लाख हेक्टेयर से 15 प्रतिशत या 21.87 लाख हेक्टेयर घटकर 107.54 लाख हेक्टेयर रह गया।
राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल की तुलना में वर्तमान खरीफ सीजन के दौरान मध्य जुलाई तक राजस्थान में धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, मूंग, मोठ, चौला, तुवर, तिल, सोयाबीन, कपास एवं ग्वार के उत्पादन क्षेत्र में भारी गिरावट आ गई जबकि उड़द, मूंगफली और अरंडी का बिजाई क्षेत्र बढ़ गया। खरीफ फसलों की बिजाई अभी जारी है।
इस वर्ष राज्य में खरीफ फसलों का पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 160.10 लाख हेक्टेयर आंका गया है जबकि वास्तविक रकबा 108 लाख हेक्टेयर से भी पीछे रहा। यदि आगामी समय में मानसून की अच्छी वर्षा हुई तो राज्य में किसानों को रकबा सुधारने का अवसर मिल सकता है अन्यथा कुछ क्षेत्रों में बिजाई पीछे रह सकती है। बिजाई का आदर्श समय अभी समाप्त नहीं हुआ है।
