यूरोपीय संघ में चाइनीज राइस फ्लोर की खेप नामंजूर
17-Jul-2026 01:35 PM
ब्रुसेल्स। यूरोपीय संघ ने चीन से आयातित चावल के आटे (राइस फ्लोर) की एक खेप को यह कहते हुए नामंजूर कर दिया है कि उस खेप में जीएमओ (जेनेटिकली मोडिफाइड ऑर्गेनिज्म उत्पाद की मौजूदगी है।
यूरोपीय संघ के "रेपिड अलर्ट सिस्टम फॉर फूड एंड फीड द्वारा इस आशय की एक सूचना जारी कर दी गई है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब चीन द्वारा भारतीय गैर बासमती चावल की कुछ खेपों को इसी बहाने के आधार पर अस्वीकार किया जा रहा है कि उसमें जीएम चावल का अंश उपस्थित है।
सर्वज्ञात तथ्य है कि भारत में जीएम चावल का उत्पादन आयात, कारोबार एवं उपयोग नहीं होता है इसलिए सामान्य चावल में इसकी उपस्थिति का कोई आधार ही नहीं बनता है। यूरोपीय संघ की अधिसूचना में कहा गया है कि नीदरलैंड (हॉलैंड) द्वारा चीन से हाइड्रोसाइज्ड राइस फ्लोर का आयात किया गया था लेकिन इसकी खेप में जीएमओ की उपस्थिति पाए जाने के बाद इसे अस्वीकार कर दिया गया।
स्मरणीय है कि चालू वर्ष के आरंभ में चीन ने भारतीय गैर बासमती चावल की अनेक खेपों को जीएमओ की उपस्थिति के बहाने नामंजूर कर दिया था। हालांकि भारत में स्थित एक चाइनीज एजेंसी ने इन खेपों को क्लीयरेंस प्रदान किया था लेकिन फिर भी चीन के कस्टम अधिकारियों ने उसे स्वीकार नहीं किया। तब यह माना गया था कि चीन वैश्विक बाजार में भारतीय चावल को बदनाम करना चाहता है। वैसे चीन के इस प्रयास का कोई असर नहीं पड़ा।
